हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के फैकल्टी चिकित्सक भी दो जुलाई को दो घंटे की पेनडाउन हड़ताल करेंगे। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन और सभी मेडिकल कॉलेज की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के पक्ष में उतरकर हिमाचल फैकल्टी एसोसिएशन और मेडिकल कॉलेज ने यह निर्णय लिया है। तीन दिन से मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स दो घंटे की पेनडाउन हड़ताल पर हैं।
इस कारण मरीजों को सुबह साढ़े नौ बजे की बजाय साढ़े ग्यारह बजे चिकित्सक मिल रहे हैं। दो घंटे इंतजार करने के बाद मरीज ओपीडी तक पहुंच रहे हैं। लेकिन, इस दौरान तक भीड़ जमा होने के चलते उन्हें चिकित्सक के पास पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। फैकल्टी एसोसिएशन ऑफ मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अध्यक्ष डॉ. तरुण और महासचिव डॉ. संजय ठाकुर ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से एनपीए को घटाने के विरोध में हिमाचल के चिकित्सक पेनडाउन हड़ताल कर रहे हैं। इस निर्णय के खिलाफ फैकल्टी चिकित्सकों ने भी दो जुलाई को पेनडाउन हड़ताल का निर्णय लिया है। इस दौरान आपाकालीन सेवाएं और कोविड सेवाएं जारी रहेंगी।