आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में काढ़ा पीते हुए मरीज। स्रोत : विभाग
हमीरपुर। जिला के तीन आयुर्वेदिक अस्पतालों में वीरवार से मरीजों को काढ़ा पिलाने की सुविधा शुरू हुई। खांसी, जुकाम और रोग प्रतिरोगधक क्षमता बढ़ाने सहित पांच से छह प्रकार के काढ़े बनाए जा रहे हैं।
इस काढ़े को अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ-साथ ओपीडी में आने वाले मरीजों को पिलाया गया। वीरवार को तीन अस्पतालों में करीब 35 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। पपरोला और शिमला में मरीजों को काढ़ा पिलाने का कार्यक्रम पहले से ही शुरू है। उसी तर्ज पर जिला में भी यह आरंभ किया गया है। आगामी तीन महीनों तक काढ़ा पिलाया जाना प्रस्तावित है। आयुर्वेदिक विभाग के कर्मी विभिन्न बीमारियों से निजात के लिए रोजाना काढ़े को तैयार कर रहे हैं।
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर, आयुर्वेदिक अस्पताल बिझड़ी, लंबलू, मनवीं और कढि़यार में मरीजों को काढ़ा पिलाया जाएगा, जिसमें से लंबलू, मनवीं और कढि़यार में यह सुविधा शुरू हुई। वहीं, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर और बिझड़ी में भी यह सुविधा शीघ्र आरंभ कर दी जाएगी।
कोट
लंबलू, मनवीं और कढि़यार आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ-साथ ओपीडी में आए मरीजों को काढ़ा पिलाया गया है। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर और बिझड़ी में शीघ्र ही सुविधा आरंभ हो रही है। पांच से छह प्रकार के काढ़े बनाए जा रहे हैं। मरीजों को इसका भरपूर फायदा मिलेगा।
-डॉ. बृजनंदन शर्मा, जिला आयुष अधिकारी