अवाहदेवी (हमीरपुर)। प्रदेश में पंचायत चुनावों में वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई है। हिमाचल प्रदेश में 26 मई से तीन चरणों में चुनाव होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों से 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर पर मतदान सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। लोगों ने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए उनके निवास स्थान पर मतदान की व्यवस्था की जाती है, उसी तरह पंचायत चुनावों में भी यह सुविधा दी जानी चाहिए।
यदि ऐसी व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता मतदान से वंचित रह जाएंगे। ग्राम पंचायत चंबोह के पुरुषोत्तम चंद, अजीत सिंह, प्रकाश चंद और हेमराज ने कहा कि उनके माता-पिता वृद्ध हैं व चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में पोलिंग बूथ तक पहुंचना उनके लिए बेहद कठिन है।
कोट लांगसां पंचायत के सोमनाथ और विजय कुमार तथा बगवाड़ा पंचायत के राकेश शर्मा और प्रेम पाल ने भी प्रशासन से मांग की है कि दिव्यांग और अत्यधिक वृद्ध मतदाताओं के लिए घर पर मतदान की विशेष व्यवस्था की जाए। कई परिवारों में दिव्यांग सदस्य हैं, जिनका मतदान केंद्र तक पहुंचना असंभव है।