डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में खुले में फैली एक्सपाईरी दवाईयां। संवाद
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
स्टोर के साथ सजा दी हैं दवाईयां, 625 नंबर कमरे के बाहर टेबल पर रखी हैं दवाइयां
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक्सपायरी दवाइयों को समय पर नष्ट नहीं किया जा रहा है। प्लास्टिक के लिफाफों में भरकर एक्सपायरी दवाइयां 625 नंबर कमरे के बाहर टेबल के नीचे सजाई गई हैं। पिछले पांच दिन से यह दवाइयां यहीं पर पड़ी हैं लेकिन इन्हें यहां से कोई उठाने की जहमत नहीं कर रहा। न ही मेडिकल कॉलेज के अधिकारी इन्हें हटाने के आदेश दे रहे हैं। जबकि, अधिकारी हर रोज अस्पताल का दौरा करते हैं। अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद इस तरह की लापरवाही सामने आना कॉलेज प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठा रही है।
इसी के साथ अल्ट्रासाउंड होते हैं, जहां गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग व छोटे बच्चे भी होते हैं। ऐसे में अगर कोई छोटा बच्चा गलती से इस पॉलिथीन बैग से दवाइयां निकाल लेता है तो यह परेशानी का कारण बन सकता है। साथ में स्टोर है जहां से यह दवाइयां निकाली गई हैं। इन एक्सपाइरी दवाइयों को नष्ट करवाने के बजाय यहां पर ढेर लगा दिया गया है। हर दिन मेडिकल कॉलेज में सफाई होती है। हर तरह के कचरे को साफ किया जाता है लेकिन एक्सपायर दवाइयाें को उठाने तक की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
उधर, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि ये दवाइयां यहां से उठवा दी जाएंगी। इस बारे में कर्मचारियों को हिदायत दी जाएगी, ताकि आगे से इस तरह की लापरवाही सामने न आए।