संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शिक्षा विभाग की ओर से 16 पीएम श्री स्कूलों की उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को जल्द ही सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान ने खंड स्तर पर समितियों से 31 जनवरी तक आवेदन मांगे हैं।
जिला समग्र शिक्षा अभियान के सौजन्य से खंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों के कार्यों की जांच करने के लिए खंड स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है।
कमेटी की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 में पीएमश्री स्कूलों के उत्थान के लिए समुदाय की सहभागिता में योगदान देने वाली विद्यालय प्रबंधन समितियों को चयन किया जाएगा।
कमेटी की ओर से तीन स्तर पर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला वर्ग, उच्च विद्यालय वर्ग, माध्यमिक स्तर एवं प्राथमिक स्तर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रबंधन समितियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें प्रथम आने वाली श्रेष्ठ स्कूल प्रबंधन समिति को जिला स्तर पर नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन समिति को पुरस्कार के लिए ऑनलाइन पीपीटी के माध्यम से 31 जनवरी तक अपने कार्यों की रिपोर्ट जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में जमा करवानी होगी। इसके बाद समितियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।