करीब एक वर्ष से लापता भड़ओला चरोट निवासीमोहन शर्मा को परिजनों के सुपुर्द करते महाराष्ट्र के
सुजानपुर(हमीरपुर)। मानसिक बीमारी के चलते घर से भटककर सैकड़ों किलोमीटर दूर पहुंचे जिले के एक व्यक्ति को उपचार के बाद पुनर्वास संस्था ने उनके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की है।
भड़ओला चरोट निवासी मोहन शर्मा, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, पत्नी के निधन के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गए थे। इसी दौरान वे घर से निकलकर भटकते हुए दिल्ली पहुंच गए।
दिल्ली में उन्हें 8 मई 2025 को अपना घर आश्रम ने संरक्षण में लिया और बाद में उपचार व पुनर्वास के लिए महाराष्ट्र के कर्जत स्थित श्रद्धा फाउंडेशन भेजा गया। उपचार के दौरान उनकी मानसिक स्थिति में सुधार हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने गांव और परिवार की जानकारी दी।
इसके बाद संस्था के सामाजिक कार्यकर्ता स्वरूप कुमार उन्हें लेकर गांव पहुंचे। पंचायत डेरा के प्रधान देशराज ठाकुर ने भी परिवार से संपर्क कराने में अहम भूमिका निभाई। मोहन शर्मा को सुरक्षित रूप से उनके भतीजे के सुपुर्द कर दिया गया।