हमीरपुर। नगर निगम के तहत लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। शहरवासी सीवरेज तक की सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। करीब 50 प्रतिशत कार्य अभी भी अधर में लटका हुआ है।
जल शक्ति विभाग ने कई स्थानों पर पाइपलाइन तो बिछा दी है, लेकिन इसे ट्रीटमेंट प्लांट के साथ नहीं जोड़ा गया है, जिसके कारण कई स्थानों पर सीवरेज की गंदगी खुले में बह रही है। सीवरेज लाइन न होने के कारण लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अभी पुराने समय में डाली गई सीवरेज लाइन का ही प्रयोग किया जा रहा है। समय बदलने के साथ बढ़ती जनसंख्या के कारण यह पाइप छोटी पड़ गई है। कई बार यह पाइप ब्लॉक हो जाती है, जिससे दिक्कतें और भी अधिक बढ़ जाती हैं। वहीं, कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट चुकी है।
नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज ने बताया कि नगर परिषद का दर्जा बढ़ाकर नगर निगम कर दिया गया है, लेकिन अभी तक सुविधाएं उस स्तर की नहीं हैं। नगर निगम के तहत सीवरेज का काम करीब 50 प्रतिशत अधूरा पड़ा हुआ है। अब इसे बंद कर दिया गया है।
इस बारे में विभागीय अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है, लेकिन उनकी ओर से कोई भी सकारात्मक हल नहीं निकाला जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि शीघ्र ही सीवरेज लाइन का कार्य पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
कोट :
नगर निगम के तहत नए ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाना है। यह आधुनिक रूप से तैयार किया जाएगा। इसके लिए अभी तक बजट उपलब्ध नहीं हो पाया है। बजट मिलने के बाद ही समस्या का समाधान हो सकेगा।
-राकेश वात्स्यान, एसडीओ, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर