संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित दो बीडीसी सदस्यों के प्रतिष्ठानों पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उत्तरी क्षेत्र उड़नदस्ता विंग पालमपुर की टीम ने दबिश दी।
शनिवार को सुबह से शाम तक चली कार्रवाई के दौरान गारली में सरिया-सीमेंट कारोबारी और बल्याह में धूप निर्माण इकाई में टीम ने कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड कब्जे में लिया।
दोनों प्रतिष्ठान बीडीसी सदस्यों से जुड़े होने के कारण भाजपा ने कार्रवाई को राजनीतिक नजरिए से देखे जाने का आरोप लगाया है। गारली में सरिया और सीमेंट का कारोबार करने वाले दलचेहड़ा के बीडीसी सदस्य पंकज मांगा ने पंचायत समिति बिझड़ी के उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था।
वह एक मत के अंतर से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी से हार गए थे। शनिवार सुबह विभागीय टीम उनके प्रतिष्ठान पर पहुंची। इसी दौरान बल्याह पंचायत समिति सदस्य प्रदीप गर्ग की धूप निर्माण इकाई में भी चार से पांच सदस्यीय टीम ने दबिश दी।
दोनों बीडीसी सदस्यों प्रदीप और पकंज ने कहा कि टीम को कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध करवाया गया है और जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा। बड़सर क्षेत्र में भाजपा से जुड़े पंचायत प्रतिनिधियों पर पहले भी विभागीय कार्रवाई होती रही है।
जिला परिषद हमीरपुर के उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह और उनके परिवार से जुड़ी जमीन की बीते एक माह में छह बार निशानदेही हुई है। धंगोटा और जौड़ेअंब में भी भाजपा से जुड़े लोगों पर कार्रवाई हुई है। विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर शनिवार को कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।