कांगू(हमीरपुर)। नारायण चंद पराशर स्मारक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेरा में अब विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतरीन लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) की श्रेणी में शामिल किया गया है।
ऐसे में अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कारखानों में विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को निशुल्क उपचार प्रदान किया जाएगा। प्रति माह 24000 तक का वेतन ले रहे कर्मचारी स्वास्थ्य लाभ ले सकेंगे।
इसके तहत सभी आईपी (पंजीकृत कर्मचारी) नंबरधारकों का ईएसआई प्राथमिक स्वास्थ्य केंंद्र सेरा में सभी प्रकार की दवाइयां और इलाज मुफ्त में होगा। पात्र रोगियों को दवाइयां के बिलों का निरीक्षण और उसके उपरांत भुगतान भी इसी अस्पताल के मेडिकल अधिकारी के माध्यम से कर दिया जाएगा।
वहीं, यदि कोई व्यक्ति उपरोक्त श्रेणी में आता है और उसने किसी सरकारी पंजीकृत अस्पताल से अपना इलाज या किसी भी प्रकार का ऑपरेशन करवाया है, तो उसके दवाइयों के बिल भी उपरोक्त स्वास्थ्य केंद्र में पास हो सकेंगे, जिसके लिए मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज से मिलना पड़ेगा। संवाद