सलौणी(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत सठवीं के टिहरी और महारल पंचायत के बलली टिक्कर क्षेत्र में शनिवार देर रात बिजली का लोड बढ़ने से दो घरों में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए।
अचानक बढ़ी वोल्टेज और बार-बार लाइट बंद होने से चार्जिंग एडेप्टर, बल्व, इंडक्शन, गीजर, वाईफाई राउटर सहित अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ घरों में तो बिजली के झटकों से उपकरणों में चिंगारियां तक निकलने लगीं। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 12:00 बजे के बीच बिजली दोबारा आ गई, लेकिन तब तक कई उपकरण जल चुके थे।
इस संबंध में ग्रामीण पवन शर्मा, अक्षय कुमार, शशि पाल, विक्रमजीत सिंह, मनोज कुमार निक्का व अन्य ने कहा कि इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लंबे समय से अव्यवस्थित है। बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
उन्होंने कहा कि बिजली के तार कई जगह पेड़ों के बीच से होकर गुजरते हैं, जिससे शार्ट-सर्किट की घटनाएं आम हैं। इन तारों के आसपास लगे पेड़ों की नियमित छंटाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके। यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे 1100 हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएंगे।
कोट
मामले की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया है। जांच के बाद जहां भी तारों या ट्रांसफार्मर में खामी पाई जाएगी, वहां सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
-यशन भारद्वाज, एसडीओ, बिजली बोर्ड बड़सर
महारल में ओवरलोड बिजली से जला बिजली ट्रांसफार्मर। स्रोत: जागरूक पाठक