एनआईटी हमीरपुर के ऊर्जा एवं पर्यावरण केंद्र परिसर में राज्य स्तरीय ऊर्जा उद्यान की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन निदेशक एनआईटी हमीरपुर प्रो. रजनीश श्रीवास्तव ने किया। उद्यान पर 95 लाख रुपये का खर्च आया है।
प्रोजेक्ट संयोजक एसएस चंदेल ने बताया कि राज्य स्तरीय ऊर्जा उद्यान में आंतरिक एवं बाहरी रिसर्च, सौर ऊर्जा, पानी, सौर कुकर, सोलर कार, बैट्री से चलने वाली साइकिल, ट्रोंबा वाल, सोलर पेसिव हाउस जैसी सुविधाएं हैं।
प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि यह उद्यान इंजीनियरिंग के छात्रों को रिसर्च के लिए काफी लाभदायक है। शीघ्र ही इस उद्यान को स्कूली बच्चों और आम जनता के लिए भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक स्तर पर ऊर्जा विषय के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर प्रो. एसएस चंदेल ने ऊर्जा के विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर सुरेश वालिया सहित कई उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।