मैहरे बाजार में टियाले में रखा कूड़ा व सब्जी के करेट। स्रोत : जागरूक पाठक
बड़सर/दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मुख्य बाजार मैहरे में बस अड्डा के समीप बने टियाले पर अतिक्रमण के कारण लोगों को बैठने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस टियाले के ऊपर पीपल के पेड़ के नीचे लोग बसों का इंतजार करते हैं।
वहीं, धूप ज्यादा होने पर लोग यहां आराम फरमा सकते हैं, लेकिन कुछ दुकानदार यहां सब्जी के क्रेट रख देते हैं, जिससे बैठने की जगह और कम हो जाती है।साथ ही इस स्थान पर पुलिस सहायता कक्ष भी है, जहां हर समय पुलिस अधिकारी तैनात रहते हैं।
इसके बावजूद कई बार प्रवासी लोग अपनी कुल्फी बेचने वाली पेटी यहां रखकर बिक्री करते हैं और सारा कचरा भी यहीं फेंक देते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण और कूड़ा फेंकने से रोका जाए, ताकि आम जनता को टियाले पर बैठने की सुविधा मिल सके।
वहीं, एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने कहा कि मामला ध्यान में आया है और पुलिस को ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए जाएंगे।