हमीरपुर। कम छात्र संख्या के चलते बंद हुए 28 स्कूल भवनों में अब कार्यालय व संस्थान चलाए जाएंगे। सरकारी भवनों के रखरखाव और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने किराये पर भवनों को देने का निर्णय लिया है। खाली स्कूल भवनों में किसी भी विभाग के अधिकारी कार्यालय और निजी संस्थाएं अपना संस्थान खोल सकेंगी जिससे स्कूल परिसर में साफ-सफाई रहेगी और भवनों का प्रयोग भी हो सकेगा।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 और 2023-24 में शिक्षा निदेशालय की ओर से कम छात्र संख्या के चलते जिला के 28 प्राथमिक स्कूलों डिनोटिफाई करके भवनों को बंद कर दिया था। ऐसे में स्कूल भवनों के बंद होने से परिसर के साथ कक्षा कक्ष और खेल मैदान खंडहरों में बदलने शुरू हो गए थे। शाम होते ही स्कूल भवनों में शरारती तत्व असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे। सरकारी संपत्ति के बचाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से स्कूल भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों को शुरू किया गया है लेकिन अधिक भवन होने से अब किराये पर आवंटित करने का निर्णय लिया है। खाली भवनों को किराये पर लेने के लिए संस्था मालिकों को शिक्षा विभाग के कार्यालय में संपर्क करना होगा।
जिला में बंद या मर्ज हुए 28 प्राइमरी स्कूलों के भवनों को अन्य विभागों के कार्यालयों या संस्थानों को संचालन के लिए दिया जाना है। इसके लिए शिक्षा विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
-राहुल चौहान, एडीएम हमीरपुर