हमीरपुर अस्पताल में कोविड से बचने के लिए वैक्सीन लगाते कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हमीरपुर जिले में कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस चरण में राजस्व, पुलिस व पंचायती राज विभाग से संबंधित व अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगेगी। दूसरे चरण में उपायुक्त देवश्वेता बानिक ने बुधवार को कोरोना वैक्सीन लगवाकर सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स का उत्साहवर्धन किया। उपायुक्त ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि कोरोना के टीके को लेकर किसी भी तरह की आशंका या भ्रम न पालें। सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स स्वेच्छा से आगे आते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने में अपना सहयोग दें। उपायुक्त के अलावा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी जितेंद्र सांजटा एवं उपमंडलाधिकारी हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल ने भी कोरोना का टीका लगवाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि जिले में दूसरे चरण में 2641 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें पुलिस व गृह रक्षक जवान, शहरी निकायों के वर्कर, पंचायती राज, ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। बुधवार को जिले में 396 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य था।
इनमें से 297 ने टीका लगवाया है। इनमें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के 72 में से 67, स्वास्थ्य खंड भोरंज के 85 में से 64, बड़सर के 86 में से 59, टौणी देवी के 25 में से 17, सुजानपुर के दस में से 9, नादौन के 48 में से 36 तथा गलोड़ के 70 में से 45 लोगों ने टीका लगवाया। टीकाकरण के प्रथम चरण में जिले में 5425 हेल्थ केयर वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिनमें से 4245 को टीका लगाया जा चुका है।