नादौन(हमीरपुर)। आईटीआई रैल में 27 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। चार कंपनियां 326 पदों के लिए भर्ती करेंगी। योग्यता अनुसार 12 हजार रुपये से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
युवाओं के लिए नौकरी पाने का यह सुनहरी अवसर है। विधानसभा क्षेत्र के युवा 27 नवंबर को समय से पहुंचकर रोजगार मेले का लाभ उठा सकेंगे। एक निजी कंपनी प्रोसेस कोऑर्डिनेटर महिला के चार पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। योग्यता ग्रेजुएशन रहेगी और वेतन 15 हजार रुपये मिलेगा। यही कंपनी डीईटी-जीईटी (पुरुष) के दो पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। शैक्षणिक योग्यता डिप्लोमा या बीटेक इलेक्ट्रिकल होनी चाहिए। वेतन 12 हजार से 15 हजार रुपये मिलेगा।
दूसरी निजी कंपनी हेल्पर के 20 पदों के लिए साक्षात्कार करेगी। शैक्षणिक योग्यता आठवीं से दसवीं होनी चाहिए। वेतन 17 हजार रुपये मिलेगा। इसके अलावा अन्य एक कंपनी ऑपरेटर व हेल्पर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। इसमें योग्यता फिटर, मैकेनिस्ट, टर्नर, कोपा, इलेक्ट्रॉनिक्स व ऑपरेटर होना जरूरी है। वेतन 15 हजार रुपये मिलेगा। चौथी निजी कंपनी 200 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं व हेल्पर ऑपरेटर होना जरूरी है। वेतन 18 हजार से 20 हजार रुपये मिलेगा।