हमीरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान हमीरपुर की टीम मुख्यातिथि पूर्व मु?
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश 10वीं राज्य इंटर कलेक्टरेट खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को बहुतकनीकी कॉलेज परिसर में आरंभ हो गई। इसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त कार्यालयों के कर्मचारी वॉलीबाल, बैडमिंटन, कबड्डी, टेबल टेनिस, क्रिकेट और सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि जीवन में स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है। अच्छे स्वास्थ्य के बगैर सुखद जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। शारीरिक और मानसिक रूप से फिट कर्मचारी जब कार्यालय में आने वाले आम आदमी से मुस्कराकर बात करता है तो उस व्यक्ति की आधी समस्या तो उसी समय दूर हो जाती है।
धूमल ने कहा कि खेलों में हार और जीत कोई मायने नहीं रखती है, बल्कि इनमें खिलाड़ी कैसे खेलता है, वह ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागी उच्च खेल भावना और अनुशासन के साथ भाग लेंगे। इस अवसर पर सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश शर्मा और जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। आईटीआई हमीरपुर के विद्यार्थियों और मनिल अकादमी के लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्घाटन समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान, उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी जोगेंद्र वर्मा, बीएम बेदी, संदीप चंदेल और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।