12 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा कमरों का निर्माण
कर्मचारियों को रहने के लिए झेलनी पड़ती थी दिक्कत, अब मिलेगी सुविधा
स्थानीय लोगों और कमेटी के सहयोग से किया जा रहा गोशाला का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी(हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी की शुक्कर खड्ड किनारे झोरघाट गोशाला में कार्यरत कर्मियों को रहने के लिए आवासों की सुविधा मिलेगी। गोशाला कमेटी और स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग से 12 लाख रुपये की लागत से आवासों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है।
आवास बनने के बाद गोशाला में गोवंश को चराने और सफाई करने वाले कर्मचारियों को रहने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। इससे पूर्व गोशाला परिसर में कर्मचारियों रहने के लिए नहीं थी की कोई व्यवस्था नहीं थी। इससे कर्मचारियों को रात के समय में गोवंश की देखभाल करने में काफी असुविधा होती थी।
लंबे समय से कर्मचारी रहने के लिए उचित स्थान चयनित करने की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों की मांग और गोवंश के सुरक्षा के लिए गोशाला परिसर में 12 लाख रुपये की लागत से आवासों का निर्माण करवाया जा रहा है। आवासों में तीन कमरों के साथ एक रसोईघर की सुविधा रहेगी। इससे कर्मचारी 24 घंटे तक गोशाला परिसर में काम कर सकेंगे।
मंदिर कमेटी की ओर से गोशाला के कार्य को देखने के लिए चार प्रवासी कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। वर्तमान में सभी कर्मचारियों ने गोशाला के कुछ दूरी पर किराए पर कमरा लिया हुआ है। गोशाला से दूर होने के कारण कर्मचारियों को कार्य करने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब आवास बनने से कर्मचारियों को काफी सुविधा मिलेगी। गोशाला का निर्माण तीन पूर्व ग्रामीणों ने आपसी और पंचायत के सहयोग से करवाया है। गोशाला में 160 गोवंश की देखभाल की जा रही है।
कोट
गोशाला में गोवंश की देखभाल करने वाले कर्मचारियों को रहने के लिए आवासों का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए ग्रामीण भरपूर सहयोग कर रहे हैं। गोशाला को विकसित करने के लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। -बख्शी राम, प्रधान, गोशाला झोरघाट