employ not cast their vote who appointed outside block
हमीरपुर। पंचायत चुनाव में अपने खंड क्षेत्र से बाहर ड्यूटी देने वाले कर्मचारी मताधिकार से वंचित रहेंगे। इससे इन कर्मचारियों को अपना पक्का वोटर मानने वाले प्रत्याशियों की धुकधुकी बढ़ गई है। पंचायत चुनाव के दौरान वार्ड सदस्य, उपप्रधान, प्रधान और पंचायत समिति की चुनाव में प्रत्याशियों को एक-एक वोट का महत्व रहता है। ऐसे में यदि किसी पंचायत के दस कर्मचारियों की ड्यूटी ब्लॉक से बाहर होगी तो इनको अपना वोटर मानने वाले प्रत्याशियों की नींद हराम होगी। वहीं, प्रत्याशियों को यह भी नाराजगी है कि एक तरफ तो मतदान के लिए सबको प्रेरित किया जाता है और इसको सभी का अधिकार बताया जाता है, लेकिन बात अगर ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों की आती है तो ब्लॉक से बाहर वालों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट (ईडीसी) नहीं दी जाती है।
हालांकि, जो कर्मचारी अपने ब्लॉक के अंदर ही ड्यूटी पर होते हैं उन्हें ईडीसी जारी कर मतदान से पूर्व ही बैलेट पेपर पहुंचाकर मतदान करवाया जाता है। लेकिन, ब्लॉक से बाहर वाले मताधिकार से वंचित रह रहे हैं। ऐसे में मतदाता कर्मचारी से ज्यादा धुकधुकी प्रत्याशी को होती है, जिसका एक वोट चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारी के कारण कम हो रहा है। ऐसे में प्रत्याशियों ने ब्लॉक से बाहर भी ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों का मतदान करवाने की मांग की है।
इस संबंध में जिला पंचायत अधिकारी हरवंश सिंह का कहना है कि पंचायत चुनाव के नियमों के मुताबिक महज ब्लॉक के अंदर ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को ईडीसी दिया जाता है, जो कर्मचारी ब्लॉक के बाहर ड्यूटी पर होते हैं उनका मतदान नहीं होता है। यह चुनाव आयोग के अनुसार ही प्रावधान है।