गलोड़ (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल गलोड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत नारा के गांव खरुनी में शनिवार शाम आए अंधड़ के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 20 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली सेवा बहाल नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होना आम बात हो गई है। इससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित होती है और कई जरूरी कार्य भी प्रभावित होते हैं। ग्रामीण इंदु वाला, सुरेंद्र, विजय कुमार, नीलू, मदन सिंह, लता देवी, उत्तम सिंह, अनुपम और डिंपल सहित अन्य लोगों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए।
इस संबंध में बिजली बोर्ड गलोड़ के कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि डडोह क्षेत्र में बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य जारी है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।