सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में गृहकर जमा नहीं करवाने वाले करीब तीन दर्जन करदाताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। नगर परिषद का करीब 40 लाख रुपये का हाउस टैक्स बकाया है।
बार-बार नोटिस जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए बिजली बोर्ड को पत्र भेजा गया है।
नगर परिषद ने लंबे समय से गृहकर जमा नहीं करवाने वाले करदाताओं की सूची तैयार की है। पहले चरण में अधिक राशि का बकाया रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिषद प्रशासन की ओर से कई बार मौखिक और लिखित रूप से टैक्स जमा करवाने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। अब संबंधित करदाताओं को नियमानुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। नगर परिषद की आय का प्रमुख स्रोत गृहकर सहित अन्य स्थानीय कर हैं। इसी राशि से शहर में सफाई व्यवस्था, घर-घर से कूड़ा एकत्र करने, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव तथा रास्तों और नालियों के निर्माण जैसे कार्य करवाए जाते हैं।
ऐसे में लाखों रुपये का टैक्स लंबे समय से बकाया रहने के कारण नगर परिषद की आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बकाया राशि की वसूली के लिए अब परिषद ने बड़े करदाताओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है। संवाद