हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के अंतर्गत किराए का भुगतान न करने वाले 121 दुकानदारों के अब बिजली के कनेक्शन काटे जाएंगे। नगर निगम की ओर से नोटिस देने के बाद भी ये दुकानदार लंबे समय से किराया देने के लिए आनाकानी कर रहे हैं।
इसके चलते निगम के 29,87,034 रुपये किराए के रूप में इन दुकानदारों के पास फंसे हुए हैं। समय पर किराया न आने से निगम के विभिन्न विकासात्मक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। समस्या का समाधान करने के लिए अब निगम ने डिफॉल्टर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है, ताकि लंबित किराए की समय पर वसूली की जा सके।
दुकानदारों ने पांच वर्षों के लिए दुकानों को किराए पर लिया है, ताकि मुख्य बाजार में कार्य करके वह अपनी आजीविका चला सकें। नगर निगम की ओर से तीन बार दुकानदारों को भुगतान न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, लेकिन अभी तक 121 में से एक भी दुकानदार ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। ऐसे में अब एक सप्ताह के भीतर नगर निगम के कर्मचारी दुकानों में जाकर बिजली के कनेक्शन को काटने का कार्य करेंगे।
दुकानदारों को किराए की स्लिप देकर मौके पर भुगतान करने के लिए कहा जाएगा, ताकि आगामी समय में लाखों रुपये का भुगतान समय पर हो। निगम की ओर से शहरभर में प्रत्येक दुकान के लिए जगह के हिसाब से किराया तय किया गया है। कुछेक लोगों की निजी दुकानें हैं, जिनसे निगम कर वसूलता है और निगम की दुकानों से किराया लिया जाता है।
कोट
किराए का भुगतान न करने पर शहर में 121 दुकानदारों के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। दुकानदारों के पास निगम के 29,87,034 रुपये किराए के रूप में फंसे हुए हैं। एक सप्ताह के भीतर बाजार में कर्मचारी कनेक्शन काटने का कार्य करेंगे।
-राम प्रसाद, सहायक आयुक्त, नगर निगम, हमीरपुर