बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम इकाई नादौन की बैठक में उपस्थित पेंशनर। स्रोत : संघ
बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम इकाई नादौन की बैठक में की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा
नए कनेक्शन जारी करने की 37000 फाइलें लंबित
बोर्ड 500 रुपये का इलेक्ट्रॉनिक मीटर मुहैया नहीं करवा पा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम इकाई नादौन की बैठक वीरवार को अध्यक्ष राजकुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें विशेष तौर पर उपस्थित बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम हमीरपुर के जिला अध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड को स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्ट मीटर नहीं स्मार्ट मैनपावर की जरूरत है। इसके लिए अतिशीघ्र युवाओं की भर्ती करना जरूरी है। बिजली बोर्ड के सबस्टेशन व लाइनों का उचित रखरखाव करने से बिजली बोर्ड लिमिटेड स्मार्ट होगा। बिजली बोर्ड लिमिटेड में 90,000 सिंगल फेस मीटर और 3016 थ्री फेस मीटर डैड स्टॉप पड़े हैं और नए कनेक्शन जारी करने की 37000 फाइलें पेंडिंग हैं और अभी तक 120838 इलेक्ट्रो मेकेनिकल मीटर की जगह इलेक्ट्रॉनिक मीटर नहीं लगाए गए हैं। बिजली बोर्ड लिमिटेड अपने उपभोक्ताओं के नए कनेक्शन जारी करने और डैड स्टॉप मीटर को बदलने के लिए 500 रुपये का इलेक्ट्रॉनिक मीटर मुहैया नहीं करवा पा रहा है। इसकी वजह से बिजली बोर्ड को हर माह करोड़ों का राजस्व का घाटा हो रहा है।
बोर्ड का उपभोक्ताओं के पास लगभग 350 करोड़ रुपये बकाया लेने को है। इसमें सरकारी विभागों, उद्योगों व व्यावसायिक संस्थानों का सबसे ज्यादा बकाया है। खरवाड़ा ने कहा कि बिजली बोर्ड को आर्थिक तौर पर मजबूती प्रदान करने के लिए ठोस निर्णय लिए जाने की जरूरत है और प्रदेश सरकार को फ्री के कल्चर पर पुनर्विचार करना चाहिए। खरवाड़ा ने बिजली बोर्ड लिमिटेड के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक संदीप कुमार से अतिशीघ्र विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने का आग्रह किया है ताकि आपसी बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान हो सके। इस बैठक में जिला संगठन सचिव ओम प्रकाश शास्त्री, सचिव विधि चंद सनोरिया, कोषाध्यक्ष पृथ्वी चंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत राम सहित काफी पेंशनर्स ने भाग लिया।