सुजानपुर (हमीरपुर)। कोरोना में मंदी की मार और महंगाई का दंश झेल रहे उपभोक्ताओं से बिजली बोर्ड विविध शुल्क के तौर पर सौ रुपये बिल से अधिक वसूल रहा है। ऐसे में आर्थिक रूप से पहले ही हानि झेल रहे उपभोक्ताओं को इस बार बिजली बिलों में सौ रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा। इससे जहां उपभोक्ताओं की जेबों पर डाका डलेगा, वहीं गरीब तबके के लिए बिल के साथ जोड़ी गई इस राशि का भुगतान करना मुश्किल होगा।
बिजली उपमंडल सुजानपुर के तहत उपभोक्ताओं को ऐसे बिजली बिल भी वितरित किए गए हैं। उपमंडल के तहत इस माह के बिजली बिलों में सौ रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। इस अतिरिक्त राशि को विविध शुल्क के तौर पर जोड़ा गया है। हालांकि, बिजली बोर्ड का कहना है कि पांच वर्ष में एक बार ये विविध शुल्क जोड़े जाते हैं, जबकि नए बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के बिलों में भी यह राशि जोड़ी जा रही है। बिजली उपमंडल के सहायक अभियंता गोपाल भाटिया ने बताया कि पांच वर्ष में यह विविध शुल्क जोड़ा जाता है, जो कि इस बार बिजली बिलों के तौर पर उपभोक्ताओं को देना होगा।