हमीरपुर बाजार में खुले में लटके बिजली के तार। संवाद
अभी तक शुरू नहीं हो पाई भूमिगत करने की प्रक्रिया
शहर में नादौन चौक के पास खंभों के नीचे तक लटके हैं तार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में जगह-जगह बिजली के तार लटके हुए हैं। इनसे कोई भी हादसा यहां पर हो सकता है। अभी तक इन तारों को भूमिगत करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जबकि, इस कार्य के लिए 20 करोड़ भी स्वीकृत किए गए हैं लेकिन कार्य नहीं किया गया। बरसात का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में पानी से इन तारों में आग लगने का भी खतरा बना रहता है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में यह तार पेड़ों से लटके हुए हैं और जरा सी बारिश होने पर बत्ती गुल हो जाती है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। रात को बत्ती गुल हो जाती है और सुबह तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे। लोग शिकायत भी नहीं कर पा रहे। शहर के पास नादौन चौक के पास भी खंभों पर बिजली के तार लटक रहे हैं। यहां पर बिजली के तार बिल्कुल नीचे हैं और बच्चे भी आसानी से इन तारों को छू सकते हैं। इससे कोई भी हादसा हो सकता है। लोगों सुरेश, अशोक, कर्म चंद, प्रेम चंद, त्रिवेणी, कल्याणी आदि ने कहा कि अभी तक तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य नहीं किया गया है। इस बारे में बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एनपी अबरोल ने कहा कि चीफ ऑफिस को फाइल बनाकर भेज दी है। वहीं से आगे का कार्य होगा। आचार संहिता के कारण भी कार्य नहीं हो पा रहा।