भोटा चौक हमीरपुर पर जलकर राख हुआ इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का सामान।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत हमीरपुर शहर के भोटा चौक पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान आग से जलकर राख हो गई है। इस अग्निकांड में दुकान मालिक को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जब तक दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, तब तक सब जलकर राख हो गया था। पुलिस की टीम भी मौके पर गई और छानबीन की।
मदन लाल निवासी गजन राम निवासी मकान नंबर आठ नजदीक बस अड्डा हमीरपुर भोटा चौक पर कांप्लेक्स में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करता था। पीड़ित मदन लाल ने कहा कि सोमवार शाम को वह रोजाना की तरह ही अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात करीब तीन बजे उसे ऊपरी मंजिल में मौजूद एक कार्यालय के सुरक्षाकर्मी ने फोन पर सूचना दी कि आपकी दुकान में आग लगी है। वहीं, सुनील कुमार नामक व्यक्ति ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया। लेकिन, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल गया था। अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, स्पेयर पार्ट्स, काउंटर सहित अन्य सामान जल गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा कांप्लेक्स में मौजूद 45 अन्य दुकानें भी चपेट में आ सकती थीं। जिससे नुकसान भारी हो सकता था।
लीडिंग फायर ऑफिसर देवेंद्र भाटिया ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया तथा 45 अन्य दुकानों को आग की चपेट मेें आने से बचाया है। आग से करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। उधर, कार्यकारी प्रभारी सदर थाना धर्म चंद का कहना है कि पुलिस की टीम मौके पर गई तथा छानबीन की। पुलिस में मामला दर्ज नहीं है।