नादौन (हमीरपुर)। पंचायतीराज चुनाव के बीच नादौन उपमंडल की बरध्याड़ पंचायत में सोशल मीडिया पर वायरल एक एआई जनरेटेड पोस्टर ने प्रधान पद के एक प्रत्याशी को मुश्किल में डाल दिया।
पोस्टर में मतदान के लिए कथित चुनाव चिह्न का नाम लिखे जाने के बाद मामला सीधे निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नादौन तक पहुंच गया। शिकायत मिलने पर प्रशासन ने संबंधित प्रत्याशी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए पोस्टर में संबंधित प्रधान पद प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की गई थी। पोस्टर के अंत में चुनाव चिह्न का नाम भी अंकित किया गया था, जबकि अभी तक पंचायत चुनावों के उम्मीदवारों को आधिकारिक तौर पर चुनाव चिह्न आवंटित ही नहीं किए गए हैं।
इसी आधार पर दूसरे प्रत्याशियों ने मामले की शिकायत निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नादौन के समक्ष दर्ज करवा दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित प्रत्याशी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।
नोटिस मिलने के बाद प्रत्याशी ने अपने जवाब में साफ किया कि उनका इस पोस्टर से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं हैं और न ही यह पोस्टर उन्होंने तैयार करवाया है।
प्रत्याशी का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया की सीमित जानकारी है और यह पोस्टर किसने, कैसे और क्यों प्रसारित किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। चुनावी माहौल के बीच एआई तकनीक से तैयार बताए जा रहे इस पोस्टर में हुई एक त्रुटि ने पूरे मामले को प्रशासनिक जांच तक पहुंचा दिया है।
फिलहाल प्रशासन प्रत्याशी के जवाब और शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गया है।
कोट
इस संबंध में संबंधित उम्मीदवार से जवाब मांगा गया था। उम्मीदवार अपना जवाब दे चुके हैं। अब मामले की जांच की जा रही है।
-निशांत शर्मा, एसडीएम