हमीरपुर। जिलाभर के स्कूलों में बुधवार को आठवीं कक्षा के 4146 छात्र वार्षिक परीक्षा में बैठेंगे। सुबह 9:40 बजे से छात्रों को स्कूल में पहुंचना होगा। दस बजे से दोपहर एक बजे तक विद्यार्थियों की परीक्षा होगी।
शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षाओं से पहले ही सभी स्कूलों में सैनिटाइजेशन करवाया गया है। बता दें कि करीब दो वर्ष बाद छात्रों की परीक्षाएं ऑफलाइन होने जा रही हैं। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में एसओपी के पालन के निर्देश दिए है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने नौ मार्च से पहले ही जिलाभर में स्कूलों में परीक्षाएं लेने के लिए तैयारी शुरू कर दी थी। इसमें सबसे पहले आठवीं के छात्र परीक्षा देने स्कूल पहुंचेंगे। जिलाभर में 416 प्राइमरी स्कूल हैं। जहां पर 15999 विद्यार्थी दाखिल हैं। जिले में 116 माध्यमिक स्कूलों में 12711 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
शेड्यूल के मुताबिक 9 मार्च से 25 तक आठवीं कक्षा की परीक्षाएं होगी। इसमें नौ मार्च बुधवार को विज्ञान, 11 को कला, गृह विज्ञान, स्वर संगीत, वाद्य संगीत, पंजाबी, उर्दू, 14 को गणित, 16 को हिंदी, 19 को अंग्रेजी, 21 को सामाजिक विज्ञान, 23 को हिमाचल की लोक संस्कृति और योग, 25 को संस्कृत के पेपर छात्र देंगे। वहीं अन्य कक्षाओं की परीक्षाएं 10 मार्च से 21 मार्च तक होंगी। इनमें तीसरी कक्षा की परीक्षा 10 मार्च से 19 तक, 11 से 21 मार्च तक पांचवीं कक्षा की और पहली, दूसरी, चौथी, छठी, सातवीं कक्षाओं की परीक्षाएं 14 मार्च से शुरू होंगी।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक संजय ठाकुर ने बताया कि नौ मार्च को जिलाभर के आठवीं कक्षा के 4146 छात्र परीक्षा देंगेे। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान मेें रखते हुए जिलाभर के स्कूल एक सप्ताह पूर्व ही सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू करवा दिया गया है। ऑफलाइन परीक्षाओं के लिए पहले से ही सभी स्कूलों को एसओपी जारी कर दी है। सभी स्कूलों में संख्या के अनुसार सामाजिक दूरी का पालन करते हुए छात्रों को परीक्षा में बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में छात्रों, अध्यापकों का मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा।
वहीं सर्दी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षणों वाले विद्यार्थियों को अन्य विद्यार्थियों से अलग बैठाया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले छात्रों को स्कूल पहुंचना होगा। जहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करके हाथों को सैनिटाइज करवाया जाएगा। कोरोना नियमों को ध्यान में रखते हुए छात्रों की परीक्षाएं ली जाएंगी।