हमीरपुर। जिले में बारिश से नुकसान का क्रम जारी है। शुक्रवार को भी जल शक्ति विभाग पेयजल योजनाओं को बहाल करने में जुटा रहा। अभी भी जल शक्ति विभाग की आठ पेयजल योजनाएं ठप हैं।
इनमें सुजानपुर में तीन, हमीरपुर में दो, नादौन में एक और धनेटा की एक पेयजल योजना शामिल है। पंप हाउस में गाद आने के कारण पानी को लिफ्ट नहीं किया जा सका है। इस कारण कई लोगों को अभी पेजयल किल्लतों का सामना करना पड़ रहा है। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के तहत कक्कड़, पुरली, बजरोल, जंगलबैरी, खनौली, सचूही आदि गांवों में जल आपूर्ति ठप है।
जल शक्ति विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि अभी तक जल शक्ति विभाग को 36 करोड़ 83 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। वहीं, लोक निर्माण विभाग को 24 घंटों में करीब एक करोड़ 82 लाख का निर्माण हुआ है। सुबह कुछ जगहों पर भूस्खलन हुआ था, लेकिन विभागीय जेसीबी की ओर से त्वरित मिट्टी को हटाकर यातायात बहाल करवा गया।
अभी टौणी देवी में सचूही के समीप एक संपर्क मार्ग बड़े वाहनों के लिए बाधित है। छोटे वाहन संपर्क मार्ग से गुजर रहे हैं। अभी तक विभाग को करीब 25 करोड़ 33 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, बिजली बोर्ड को भी 24 घंटें में करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जंगलबैरी के पास करीब 10 बिजली के खंभे टूट गए हैं। हालांकि इन खंभों से बिजली उपभोक्ताओं की सेवाएं बाधित नहीं हुई हैं। इन खंभों से केवल जल शक्ति विभाग की पेयजल स्कीम प्रभावित हुई है।
ब्यास नदी के किनारे वाले क्षेत्रों के लोग नदी के पास न जाएं
मौसम विभाग ने प्रदेश में पांच से नौ जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि सभी जिलावासी विशेष एहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। ब्यास नदी के किनारे वाले क्षेत्रों के लोग नदी के पास न जाएं। शुक्रवार दोपहर तक जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में प्राप्त नुकसान के आंकड़ों के अनुसार बागवानी विभाग को विभिन्न फसलों से 2.17 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तीन पक्के मकानों की 4.50 लाख रुपये की क्षति हुई है। आठ कच्चे मकान भी ध्वस्त हुए हैं। इनमें लगभग 8.15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। जिलेभर में 37 डंगे भी गिरे हैं, जिनमें लगभग 29.80 लाख रुपये की क्षति हुई है। 20 गोशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 13.54 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। उन्होंने सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजें।
कोट
जल शक्ति विभाग की आठ पेयजल योजनाएं ठप हैं। जल शक्ति विभाग जल्द से जल्द योजनाओं को बहाल करने में जुटा है। अब तक विभाग को 36 करोड़ 83 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
-नीरज भोगल, एसई, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर
जिला में सभी सड़क मार्ग यातायात के लिए बहाल हैं। एक संपर्क मार्ग से बड़े वाहनों को गुजरने में दिक्कत आ रही है। इस समस्या का भी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
-विजय चौधरी, एसई, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर
जंगलबैरी में दस खंभे टूटे थे। इसमें करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इन खंभों से जल शक्ति विभाग की स्कीम को बिजली आपूर्ति होती थी।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर
सुबह के समय बरगद के पेड़ की शाखा सड़क पर गिरी, बच्चे बाल-बाल बचे
सलौणी (हमीरपुर)। वीरवार सुबह सलौणी-दियोटसिद्ध सड़क मार्ग पर स्थित को ऑपरेटिव सोसायटी के पास बरगद के पेड़ की सूखी शाखा सड़क पर गिर गई। सलौणी स्कूल में पढ़ने वाले लगभग छह से सात छात्र-छात्राएं स्कूल की ओर जा रहे थे। यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ और बच्चे महज एक मीटर की दूरी से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बच्चे एक कदम भी आगे होते तो एक गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। दुर्घटना के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी बनी हुई थी, लेकिन सौभाग्य से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। गांववासियों ने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि सड़क किनारे मौजूद सूखे व खतरनाक पेड़ों की समय रहते छंटाई की जाए। संवाद