फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोचिंग संस्थानों में शिक्षा विभाग की दबिश

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश सरकार की एडवाइजरी के बाद उच्चत्तर शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग ने सोमवार को जिला मुख्यालय हमीरपुर के विभिन्न कोचिंग अकादमी और कोचिंग सेंटरों में दबिश दी। निरीक्षण विंग की टीम ने आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर यहां चल रहीं गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला के दो कोचिंग संस्थानों में चल रहीं कक्षाओं को निरीक्षण विंग ने मौके पर ही बंद करवाया। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा कोरोनो को लेकर जारी एडवाइजरी की अनुपालना करने की हिदायत दी।
विज्ञापन

निरीक्षण दल ने सभी कोचिंग संस्थानों को अपने संस्थानों के मुख्य दरवाजे पर बोर्ड चस्पां कर साफ-सुथरे शब्दों में 31 मार्च तक संस्थान बंद रखने की सूचना अंकित करने के आदेश दिए हैं। ताकि कोई भी बच्चा अज्ञानता व सूचना के अभाव में कोचिंग संस्थान में न आए। प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस से बचने के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों समेत तमाम शिक्षण संस्थानों को 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। सिर्फ वार्षिक परीक्षाओं को लेकर छूट दी गई है। इसके बावजूद कुछ कोचिंग संस्थान अपने मुनाफे के चक्कर में प्रदेश सरकार के इन आदेशों का पालन करने से गुरेज कर रहे हैं। जिला हमीरपुर में करीब एक दर्जन कोचिंग संस्थान, अकादमी और ट्यूशन सेंटर चल रहे हैं। इन संस्थानों में कुल्लू, चंबा, लाहुल और किन्नौर, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा समेत विभिन्न जिलों के बच्चे जेईई, नीट, बैंकिंग, नेवी, एयरफोर्स और टेट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग ले रहे हैं। इसके चलते सोमवार को शिक्षा विभाग की टीम ने इन संस्थानों में जाकर स्थिति का जायजा लिया और आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए।
उधर, उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों को 31 मार्च तक बंद रखने के निर्देश हैं। इसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग सेंटर शामिल हैं। कोरोना से लड़ने के लिए सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है।
विज्ञापन

बयान-
सोमवार को हमीरपुर जिला के आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों व अकादमियों का निरीक्षण किया गया। केवल दो संस्थानों में बच्चे पाए गए। दोनों संस्थानों के संचालकों को सख्त हिदायत दी गई। सभी संस्थानों को अपने संस्थान पर 31 मार्च तक कक्षाएं बंद रखने की सूचना दर्शाने वाले बोर्ड चस्पां करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन

-अजय पटियाल, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा निरीक्षण विंग हमीरपुर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें