ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक की डेंटल ओपीडी सेंटर में निरीक्षण करते कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर। स्रोत
हमीरपुर। भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। मरीजों के पंजीकरण से लेकर ओपीडी जांच, लैब टेस्ट और फार्मेसी में दवाइयों के वितरण तक पूरी प्रक्रिया को कंप्यूटराइज्ड कर पेपरलैस बनाया गया है।
ईसीएचएस कार्ड नंबर कंप्यूटर में दर्ज करते ही मरीज का पूरा विवरण एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाता है। इससे मरीजों के पंजीकरण और उपचार की प्रक्रिया अधिक सुगम और व्यवस्थित हुई है।
साढ़े आठ कनाल क्षेत्र में स्थापित पॉलीक्लीनिक परिसर में चिकित्सा सुविधाओं के अलावा सीएसडी कैंटीन और रक्षा मंत्रालय के नमन प्रोजेक्ट के तहत भूतपूर्व सैनिकों के पेंशन मामलों के समाधान के लिए निशुल्क परामर्श केंद्र भी स्थापित किया गया है।
मीडिया को दिए बयान में ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि पॉलीक्लीनिक में इस समय पांच डॉक्टर, दो डेंटल सर्जन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी सेवाएं दे रहे हैं। लैब में भी कई तरह के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है।
हाल ही में लगभग दस लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फीजियोथैरेपी सेंटर स्थापित किया गया है, जहां एक साथ 15 से 20 मरीजों की फीजियोथैरेपी की जा सकती है।
पॉलीक्लीनिक के माध्यम से जिला हमीरपुर के लगभग 45 हजार भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। यहां ओपीडी में रोजाना औसतन करीब 400 मरीज पहुंचते हैं।