हमीरपुर। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल में लंबे समय से उठ रही मांग को पूरा करते हुए अब ईसीजी की सुविधा शुरू कर दी गई है।
इसके लिए मरीजों को 30 रुपये शुल्क देना होगा। सुविधा शुरू होने से हृदय संबंधी जांच के लिए मरीजों को अस्पताल से बाहर जाने की जरूरत कम होगी।
अस्पताल प्रबंधन ने अक्तूबर में आयोजित होने वाले विभिन्न स्वास्थ्य जांच शिविरों का शेड्यूल भी जारी किया है। 13 अक्तूबर को स्पायरोमेट्री, 19 अक्तूबर को फाइब्रोस्कैन, 21 अक्तूबर को बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) और 28 अक्तूबर को नर्व कंडक्शन स्टडी शिविर लगाया जाएगा। इन शिविरों में फेफड़ों, लीवर, हड्डियों और नसों से संबंधित जांच की सुविधा मिलेगी।
आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वनीता शर्मा ने बताया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले स्वास्थ्य जांच शिविरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।