संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड कार्यालय में सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने की।
उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं का लाभ पात्र कामगारों तक पहुंचाने के लिए हिम परिवार पोर्टल के माध्यम से सभी कामगारों की ई-केवाईसी सुनिश्चित की जा रही है। ई-केवाईसी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा होना चाहिए।
बोर्ड की ओर से दिए जाने वाले क्लेम की रिपोर्ट तलब करते हुए कंवर ने कहा कि अगर वांछित दस्तावेज जमा न किए जाने के कारण कोई मामला लंबित चल रहा है, तो उसके बारे में संबंधित कामगार को अवगत करवाया जाना चाहिए तथा उस मामले का त्वरित निपटारा किया जाना चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर और वेरिफिकेशन के बाद तुरंत क्लेम जारी होना चाहिए।
बोर्ड में आउटसोर्स आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के मानदेय की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा। इन कर्मचारियों को बोर्ड की कुल 26 शाखाओं और विभिन्न विभागों में एडजस्ट करने पर भी विचार किया जा रहा है।
बैठक में बोर्ड की अलग-अलग शाखाओं का कार्यभार देख रहे एक-एक अधिकारी एवं कर्मचारी से विस्तृत रिपोर्ट ली और विभिन्न कार्यों में आ रही दिक्कतों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में आवश्यक फीडबैक ली।
बैठक में एसओ विनय कुमार, एससीएफ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।