सार्वजनिक स्थानों पर फैल रहे कचरे से मिलेगी निजात
वर्षों पूर्व नगर परिषद ने शहर को किया था कूड़ेदान मुक्त
अब कचरे के जगह-जगह ढेर लगने से कूड़ेदान लगाने का लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में अब कूड़े की समस्या का स्थायी समाधान होगा। शहर में कूड़ा एकत्रीकरण के दौरान सफाई कर्मचारियों को प्लास्टिक, बोरियों में भरकर कचरे को नहीं ढोना पड़ेगा। शहर के प्रमुख कस्बों में नगर परिषद की ओर से गीले और सूखे कचरे के लिए कूड़ेदान रखे जाएंगे। इससे जगह-जगह लगने वाले कचरे के ढेरों से भी छुटकारा मिलेगा। वहीं, दुकानदार और स्थानीय लोग आसानी से कूड़ेदान में कचरे को डाल सकेंगे। बीते माह एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने मुख्य बाजार का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को 11 वार्डों के सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए थे। ऐसे में अब नगर परिषद की ओर से शीघ्र ही शहर में जगह-जगह कूड़ेदानों को रखा जाएगा। इससे लोगों और दुकानदारों को कचरे को रखने के लिए एक स्थान मिलेगा।
वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में सफाई कर्मचारी डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित करते हैं। वहीं, कचरे को गलियों से होते हुए प्लास्टिक के बोरों में भरकर मुख्य सड़क तक पहुंचाते हैं। इसके अलावा वार्डों और शहर में कचरे के एकत्रीकरण को लेकर कोई भी स्थान चिह्नित नहीं है। कचरे के निपटारे के लिए नगर परिषद की ओर से अब कूड़ेदानों को रखने का निर्णय लिया गया है। इससे पूर्व नगर परिषद की ओर से हमीरपुर शहर को कूड़ेदान मुक्त शहर घोषित करते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण योजना शुरू की गई थी लेकिन योजना के तहत सफाई कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही थी। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेरों से बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो रहा था। इससे अब निजात मिलेगी।इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर शहर के 11 वार्डों में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान रखे जाएंगे। इसमें दुकानदार आसानी से कचरा डाल सकेंगे। इससे पूर्व शहर को कूड़ेदान मुक्त रखा गया था। सफाई कर्मचारी डोर-टू-डोर जाकर कचरा एकत्रित कर रहे थे।