डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। बजट के अभाव के कारण डिडवीं स्कूल परिसर की सुरक्षा दीवार नहीं लग पाई है। स्थिति ऐसी है कि जोरदार बारिश होने पर क्षतिग्रस्त हो चुकी पूरी दीवार के गिर सकती है। पिछले वर्ष बारिश में दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी और अब फिर बरसात में स्कूल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों हेमंत कुमार, सीमा देवी, प्रकाश, जगदेव, सोनिया और स्वर्णलता आदि ने कहा कि स्कूल परिसर में सुरक्षा दीवार पिछली बरसात में गिर गई थी। फिर से बरसात आ गई है, परंतु पिछले वर्ष गिरी दीवार आज तक नहीं लग पाई। यह सुरक्षा दीवार राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ स्थित है और इसके साथ ही स्कूल का रसोईघर है, यदि अधिक बारिश होती है तो दीवार सड़क पर गिर जाएगी।
उधर, डिडवीं स्कूल की प्रधानाचार्य शैली शर्मा ने कहा कि हमने उप शिक्षा निदेशक (उच्च) हमीरपुर को लिखित रूप से बजट की मांग की थी। मगर अभी तक बजट नहीं आया। जैसे ही स्कूल की सुरक्षा दीवार के लिए बजट आएगा, इसका कार्य करवा दिया जाएगा।
उधर, उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि जिला में जितने भी स्कूल हैं और उन्हें जो भी नुकसान हुआ है इसके लिए जिलाधीश हमीरपुर से बजट स्वीकृति के लिए लेटर भेजा गया है जो अभी तक बजट स्वीकृत होकर नहीं आया है। बजट आने के बाद मरम्मत कार्य करवा दिया जाएगा।