संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी(हमीरपुर)। दो जिलों के संगम स्थल पर स्थित अवाहदेवी कस्बे में यात्रियों को चडीगढ़ जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय सीधी बस सुविधा न होने से यात्रियों को 24 किलोमीटर दूर हमीरपुर मुख्यालय आकर बस लेनी पड़ रही है।
कुछेक समय बसों के न होने से यात्रियों को अगले दिन का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, अवाहदेवी से हमीरपुर मुख्यालय के लिए भी कुछेक ही बसें चलती हैं।
ऐसे में आपात स्थिति में लोगों को निजी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी दिक्कत झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों में राकेश, प्रदीप, सुरेश, सुमन, रोशन आदि ने कहा कि अवाहेदवी कस्बे में सुबह 10 बजे धर्मपुर डिपो से बस आती है, जो कि चंडीगढ़ जाती है, लेकिन बस का समय यात्रियों, कर्मचारियों और खासकर पीजीआई में उपचार ले रहे मरीजों के लिए उपयुक्त नहीं है।
बस लेने के बाद यात्री दोपहर बाद चड़ीगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता है। अगर अवाहदेवी से सीधी बस सेवा चले, तो इसका लाभ बहुत से ऐसे लोगों को मिलेगा, जो सुबह जाकर शाम को वापस अपने घर पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने परिवहन निगम से बस सुविधा को शुरू करने की मांग की है।