बड़सर में बिजली बोर्ड के स्टोर के साथ लगी आग को बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। स्रोत विभाग
बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत जंगल की आग के दो मामले सामने आए हैं। आग लगने से लाखों रुपये की वन संपदा को नुकसान हुआ है जबकि फायर कर्मियों ने करोड़ों की संपत्ति को बचा लिया है। पहले मामले में दोपहर दो बजे के करीब बिजली बोर्ड बड़सर के स्टोर के साथ जंगल में आग लग गई। आग चीड़ की पत्तियों से सुलगते हुए बिजली बोर्ड के स्टोर और जल शक्ति विभाग के कार्यालय के चारों ओर फैल गई। सूचना मिलते ही फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसमें पांच हजार रुपये की वन संपदा का नुकसान हुआ है। यहां पर 90 लाख रुपये की संपत्ति को बचाया गया है।
दूसरे मामले में दोपहर के समय ग्राम पंचायत सठवीं के दख्योड़ा गांव में जंगल से सुलगती हुई आग गन्ने के खेत में लग गई। आग लगने से परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित यशवंत सिंह ने कहा कि इस वर्ष उन्होंने 16 कनाल भूमि पर गन्ने की फसल बीजी थी। जिसमें से आठ कनाल भूमि से फसल को काट लिया था और आठ कनाल भूमि पर फसल खेत में ही थी। सोमवार को एकाएक खेत में आग लग गई। आग की लपटें देखते ही दमकल विभाग को सूचित किया और आग बुझाने के प्रयास किए लेकिन गाड़ी के आने तक सूखी हुई फसल जलकर राख हो गई। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
दमकल चौकी बिझड़ी प्रभारी वतन सिंह ने कहा कि बड़सर के अंतर्गत जंगल की आग के दो मामले सामने आए हैं। आग लगने से वन संपदा को नुकसान हुआ है जबकि फायर कर्मियों ने करोड़ों की संपत्ति को बचा लिया है।
अग्निशमन केंद्र हमीरपुर के अंतर्गत जंगल की आग का एक मामला सामने आया है। रिहायशी क्षेत्र में आग के पहुंचते ही गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया। पंचायत प्रधान चरण दास ने कहा कि जंगल से सुलगते हुए आग घरों तक पहुंच गई थी। दमकल विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया है।