नादौन(हमीरपुर)। नादौन हमीरपुर फोरलेन में गत रात्रि भट्ठा गांव में सरिया से लदे एक ट्रक की बैटरी फट गई, जिससे ट्रक का कैबिन पूरी तरह जल कर राख हो गया। इस हादसे में चालक की जान मुश्किल से बच पाई। ट्रक चालक दया राम (65) निवासी गांव अंबोटा ने कहा कि वह ट्रक में सरिया लाद कर गगरेट से बिलासपुर के दधोल गांव जा रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे उसने नादौन के निकट जलाड़ी गांव में ढाबे से खाना पैक करवाया। वहां से करीब तीन किलोमीटर आगे जब वह भट्ठा गांव के पास पहुंचा तो कैबिन की सीट के नीचे रखी ट्रक की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और अंदर धुआं ही धुआं हो गया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक अंदर आग लग गई और वह आग से घिर गया। इतने में एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे बाहर खींच कर निकाला जिससे उसकी जान बच सकी। दया राम ने कहा कि वह वह केवल ट्रक के दस्तावेज ही बाहर निकाल पाया जबकि कैबिन में रखा सारा सामान तथा करीब पांच हजार रुपये कैश भी जल कर राख हो गया। फायर ब्रिगेड नादौन की टीम ने मौका पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी नादौन देवेन्द्र भाटिया ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।