हमीरपुर। कृषि विभाग ‘एग्रीस्टैक’ परियोजना के तहत जिला हमीरपुर में भी सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर रहा है। इस रजिस्ट्री से किसानों का एक प्रमाणित डिजिटल डाटाबेस तैयार होगा।
इससे भविष्य में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदानों, डीबीटी लाभ, फसल बीमा सहित अन्य सभी सेवाओं का लाभ शीघ्रता से प्रदान किया जा सकेगा। आतमा परियोजना हमीरपुर के निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र या कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करवा सकते हैं।
इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे-जमाबंदी या खतौनी, बैंक खाते का विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से लिंक्ड मोबाइल नंबर आवश्यक है। पीएम-किसान सम्मान निधि का लाभ उठाने के लिए यह बहुत जरूरी है। पीएम-किसान सम्मान निधि और फार्मर रजिस्ट्री को इंटरलिंक किया गया है। संवाद