जाहू(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुक्कड़ में वीरवार को पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों और अध्यापकों को पानी की शुद्धता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
जांच में स्कूल में सप्लाई हो रहा पेयजल सुरक्षित पाया गया। प्रधानाचार्य देशराज कमल ने बताया कि स्कूल में कार्यरत प्रशिक्षित कला स्नातक त्रिलोक चंद डोगरा ने टेस्टिंग किट से पानी की जांच की। इसमें पीएच, आयरन, नाइट्रेट और फ्लोराइड सहित अन्य मानकों की जांच की गई।
जल शक्ति विभाग के मानकों के अनुसार पानी का पीएच 6.0 से 8.0 के बीच सुरक्षित माना जाता है, जबकि स्कूल के पानी का पीएच 7.0 पाया गया। आयरन की मात्रा 0.0 से 1.0 तक सुरक्षित मानी जाती है और जांच में यह 0.0 मिली। नाइट्रेट की मात्रा भी 0.0 पाई गई।
वहीं, फ्लोराइड की मात्रा 10.0 मिली, जो निर्धारित सुरक्षित सीमा में है। जांच के परिणामों के अनुसार स्कूल में बच्चों को उपलब्ध करवाया जा रहा पेयजल सुरक्षित पाया गया। इस दौरान बच्चों और अध्यापकों को टेस्टिंग किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया समझाई गई।
जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह पठानिया ने कहा कि स्कूलों को पानी की जांच के लिए टेस्टिंग किट उपलब्ध करवाई गई हैं। इस मौके पर वीना वर्मा, पवन रांगड़ा, विनोद शर्मा और सुनील दत्त सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहा।