जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की कक्कड़ पंचायत में गुजरेड़ा के ग्रामीण बीस दिनों से पानी न आने से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। समस्या से अवगत करवाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।
कक्कड़ पंचायत के पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य पवन कुमार, ग्रामीण तुलसी राम, रत्न चंद, सौणू राम, राजेंद्र पाल, भाग सिंह, रमेश चंद, कै. ब्रह्मदास, दीवान चंद व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गुजरेड़ा में करीब 25 घर हैं, जिन्हें गांव के बने टैंक से पानी की सप्लाई दी जाती है, लेकिन पिछले बीस दिनों से गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है।
इससे ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गांव से कुछ दूरी पर बने कुओं में पानी नहीं रहा है। इससे ग्रामीणों को स्थानीय खड्ड का पानी लाना पड़ रहा है। इसके अलावा पीने का पानी सुबह-शाम करीब दो किलोमीटर दूर हैंडपंप से भरकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नलों में पानी न आने की समस्या से जल शक्ति विभाग अनुभाग भरेड़ी के कनिष्ठ अभियंता व भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को भी अवगत करवाया है। समस्या को शीघ्र दूर करने की मांग की है।
कोट
बस्सी से तताहर सड़क के निर्माण के कारण लोक निर्माण विभाग ने पाइपों को उखाड़ा है, इसलिए समस्या बनी हुई है। विभागीय कर्मचारी नई पाइप डालने के लिए लगे हुए हैं। दो दिन में पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
-आशीष देव, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग भोरंज