हमीरपुर। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का आदर्श गांव का प्रत्येक परिवार सीवरेज लाइन से जुड़ेगा। आईपीएच विभाग को इसके लिए 11.37 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। जिला मुख्यालय हमीरपुर के सटी अणु पंचायत के पांच गांवों को प्रथम चरण में सीवरेज लाइन से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही पंचायत में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनेगा। खुले में शौच मुक्त घोषित अणु पंचायत के लोगों को सीवरेज पाइपलाइन की सुविधा इसी वर्ष मिलेगी।
सीवरेज लाइन बिछाने वाली अणु पंचायत हमीरपुर के संभवत: पहली पंचायत होगी। अभी तक केवल शहरी निकायों और कस्बों में ही सीवरेज पाइपलाइन से जोड़ने का प्रावधान है। अनुराग ठाकुर ने बीते वर्ष हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद रहते हुए अणु पंचायत को गोद लिया था। जिसके बाद अणु पंचायत में विकास कार्यों को लेकर मास्टर प्लान भी बनाया गया। अंडरग्राउंड बिजली की लाइन, स्कूल भवनों की मरम्मत, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, बिजली और पेयजल सुविधा को लेकर समय-समय पर प्रस्ताव तैयार किए गए। पंचायत में नाले का चैनलाइजेशन का कार्य भी होना है। बजट मिलने के बाद आईपीएच ने सीवरेज लाइन को लेकर ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है।
कोट्स
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के आदर्श गांव अणु के पांच वार्डों में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही गांव में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनेगा। इसके लिए 11.37 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है।
नीरज भोगल, अधिशासी अभियंता आईपीएच हमीरपुर।