उपमंडल पुलिस अधिकारी कार्यालय और मेडिकल कॉलेज में नर्सों और डाॅक्टरों की भर्ती को मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में गृह जिला हमीरपुर को सौगात मिली हैं। सीएम के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन को उपमंडल पुलिस अधिकारी कार्यालय मिला है, जबकि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अब स्टाफ में बढ़ोतरी की गई है। सीएम सुक्खू ने दो दिन पहले ही हमीरपुर जिला के दौरे के दौरान नादौन के जोलसप्पड़ में निमार्णाधीन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए थे। इस दौरान उन्होंने डाॅक्टरों औ नर्सों के पदों पर भर्ती करने की बात कही थी।
दो दिन बाद ही सीएम ने कैबिनेट बैठक में निर्णय पर मुहर लगा दी है। सीएम सुक्खू ने गायनी वार्ड में प्रसूता महिलाओं को बेहतर उपचार की सुविधा देने के लिए महज चार मरीजों पर एक नर्स तैनात करने और डाॅक्टरों के रिक्त पदों को भरने की बात कही थी। अब मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में 150 नर्सिंग कर्मियों के पद सृजित कर इन्हें भरने का बड़ा निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त मंत्रिमंडल ने चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपैडिक्स, एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर के छह पद और असिस्टेंट प्रोफेसर के 10 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया है। मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में 125 नर्स तैनात हैं जबकि जनरल सर्जरी में तीन, मेडिसन में छह, एनेस्थीसिया में दो, आर्थो में दो, रेडियोलॉजी में चार पद रिक्त हैं। इन पदों के भरने से मेडिकल कॉलेज में स्टूडेंट की पढ़ाई के साथ मरीजों को इलाज में बेहतर सुविधा मिलेगी।
मंत्रिमंडल ने जिला हमीरपुर के नादौन में एक नया उपमंडल पुलिस अधिकारी कार्यालय खोलने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों में पांच पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। नादौन में इस कार्यालय के खुलने से अब लोगों को हमीरपुर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कोई भी बड़ी घटना होने पर डीएसपी हेडक्वार्टर को जांच का जिम्मा दिया जाता था, लेकिन अब कार्यालय के खुलने से अधिकारी यहीं पर बैठेंगे और लोगों को सुविधा मिलेगी।