हमीरपुर। पढ़ाई छूटने के कारण अक्षर ज्ञान से वंचित रह गए जिले के 158 बच्चों और किशोरों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल रंग लाने लगी है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सर्वे के दौरान चिह्नित किए गए इन बच्चों और किशोरों को अब सत्र 2026-27 में पढ़ना-लिखना सिखाया जा रहा है।
इसके लिए स्कूल स्तर पर विशेष कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं, जबकि अधिक आयु वर्ग के किशोरों को स्टेट ओपन स्कूल (एसओएस) के माध्यम से पढ़ाई करवाई जा रही है। ये विद्यार्थी मार्च में अन्य परीक्षार्थियों के साथ परीक्षा देंगे।
समग्र शिक्षा के तहत जिले के छह शिक्षा खंडों में बीते वर्ष 31 दिसंबर तक विशेष सर्वे करवाया गया था। इसमें 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और 15 से 19 वर्ष की किशोरियों और युवाओं का डाटा एकत्रित किया गया।
सर्वे के दौरान ऐसे बच्चे और किशोर सामने आए, जो विभिन्न कारणों से स्कूल नहीं जा पा रहे थे और पढ़ाई से वंचित रह गए थे। इस दौरान उनकी शैक्षणिक स्थिति और स्कूल छोड़ने के कारणों की जानकारी भी जुटाई गई।
सर्वे के बाद अब इन सभी को शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छोटे बच्चों को स्कूलों में पढ़ाया जा रहा है, ताकि वे अक्षर ज्ञान हासिल कर नियमित पढ़ाई की ओर बढ़ सकें। वहीं, अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थियों को एसओएस के माध्यम से शिक्षा पूरी करने का अवसर दिया जा रहा है। सरकारी स्कूलों के शिक्षक इन विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करवा रहे हैं।
खास बात यह है कि एसओएस के तहत परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की फीस, किताबों और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्च समग्र शिक्षा की ओर से वहन किए जाएंगे। मार्च में होने वाली परीक्षाओं में ये विद्यार्थी अन्य परीक्षार्थियों के साथ शामिल होंगे।
कोट
समग्र शिक्षा की ओर से जिलेभर में अक्षर ज्ञान से वंचित 158 बच्चों और किशोरियों की पहचान हुई है। अब इन्हें शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए स्कूल स्तर पर पढ़ाई करवाई जा रही है। एसओएस के माध्यम से भी विद्यार्थियों को पढ़ाई का अवसर दिया जा रहा है।
-नवीन शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा एवं उपनिदेशक गुणवत्ता नियंत्रक