उपायुक्त कार्यालय परिसर में टीबी मुक्त जिला के तहत अभियान का शुभारंभ करती टीबी से रिकवर हुई वृद
हमीरपुर। जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए शनिवार से 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हुई टीबी चैंपियन कमला देवी के हाथों प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत करवाई। इस दौरान कमला देवी के आह्वान किया कि टीबी को छुपाएं नहीं बल्कि जांच करवाएं।
उपायुक्त ने बताया कि यह विशेष अभियान 17 मार्च तक चलेगा, जिसमें जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आयुष, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, उद्योग, श्रम, शिक्षा, युवा सेवाएं एवं खेल विभागों की सक्रिय भागीदारी होगी। पंचायत प्रतिनिधियों को भी इसमें जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान टीबी की आशंका वाले लोगों और समूहों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला क्षय रोग उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने बताया कि संभावित मरीजों की जांच के लिए मोबाइल एक्स-रे मशीन का उपयोग किया जाएगा। दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचकर टीबी की पहचान की जाएगी। कार्यक्रम में टीबी चैंपियन कमला देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर जांच करवानी चाहिए। उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के अनुसार नियमित दवाई लेने पर जोर दिया। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।