हमीर भवन में कार्यशाला की अध्यक्षता करते सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हरि सिंह। -स्रोत : संस्थान
हमीरपुर। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हरि सिंह ने कहा कि अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्साह और समर्पण भाव से कार्य कर आम लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। कई बार कार्यस्थल पर सुविधाओं की कमी, दबाव या अन्य समस्याएं हो सकती हैं, लेकिन इन समस्याओं या कमियों को कोसने के बजाय अगर उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग किया जाए तो कार्य आसानी से किए जा सकते हैं।
हरि सिंह सोमवार को सुशासन सप्ताह पर हमीर भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। कार्यशाला में प्रशासनिक, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को समर्पण और उत्साह के साथ काम करने की सलाह दी।
सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने बताया कि सुशासन सप्ताह के तहत जिला के पांचों उपमंडलों में ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत अब तक 74 जनशिकायतों को स्टेट पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है।
थानों और चौकियों में बनेंगे विजिटर्स रूम : एसपी
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने पुलिस द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसपी कार्यालय में एक रिसेप्शन रूम बनाया गया है। आने वाले दिनों में सभी थानों और चौकियों में विजिटर्स रूम बनाए जाएंगे। साथ ही पुलिस में दर्ज केसों की ताजा स्थिति से पीडि़तों को अवगत करवाने के लिए हर थाना प्रभारी को हर रविवार को मोबाइल से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।