नादौन (हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलेगी। शहर में आवारा कुत्तों के लिए डॉग शेल्टर स्थापित किए जाएंगे, ताकि उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखा जा सके।
एसडीएम निशांत शर्मा ने नगर परिषद के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवारा और पालतू कुत्तों की जानकारी देने और वैक्सीनेशन करवाने के निर्देश दिए हैं। शहर के वार्ड नंबर सात में आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा बकरियों पर किए गए हमले के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने नगर परिषद को डॉग शेल्टर के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने और आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि शहर वार्ड नंबर सात में रविवार को आवारा कुत्तों के एक झुंड ने एक पशुपालक की बकरियों पर हमला कर दिया था। हमले में चार बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद के समक्ष आवारा कुत्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ऐसे में अब प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कार्य किया जा रहा है।
डॉग शेल्टर बनने के बाद शहर में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ कर वहां रखा जाएगा। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और नसबंदी जैसी प्रक्रियाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। इससे एक ओर जहां कुत्तों की संख्या नियंत्रित होगी, वहीं दूसरी ओर लोगों और पशुओं पर होने वाले हमलों की घटनाओं में भी कमी आएगी।-निशांत शर्मा, एसडीएम, नादौन