मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के बाहर काले बिल्ले लगाकर प्रदर्शन करते चिकित्सक।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में मंगलवार को चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर अपनी सेवाएं दीं। अनुबंधित कर्मचारियों की ग्रेड पे में कटौती से खफा चिकित्सकों ने सरकार से चिकित्सकों के वेतन में कटौती न करने की मांग की है। चिकित्सकों ने चेताया है कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तो पेन डाउन हड़ताल करेंगे।
जिससे कोरोना की इस घड़ी में परेशानी हो सकती है। इस संदर्भ में मेडिकल कॉलेज के गेट के बाहर भी काले बिल्ले लगाकर चिकित्सकों ने प्रदर्शन किया और सरकार से वेतन में की गई कटौती को वापस लेने की मांग की।
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक ने कहा कि कोरोना की इस महामारी में डॉक्टर फ्रंटलाइन पर काम कर रहे हैं। ऐसे में इनके हितों के साथ कुठाराघात सहन नहीं किया जाएगा। अगर सरकार अनुबंधित कर्मचारियों के वेतन में की गई कटौती को वापस नहीं लेती है तो चिकित्सक पेन डाउन हड़ताल पर जाएंगे। फिलहाल करीब एक सप्ताह तक चिकित्सक काले बिल्ले लगाकर ही सेवाएं देंगे। इस मौके पर डॉ. विक्रांत, डॉ. भानू, सहित अन्य मौजूद रहे।