संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के कर्मचारियों को पेंशन सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक अधिसूचना के अनुसार प्रदेश सरकार ने कर्मचारी कल्याण निधि योजना के तहत करीब 7 करोड़ 92 लाख 90 हजार रुपये हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। बताया जा रहा है कि इस निर्णय से मंदिर ट्रस्ट के 120 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि वर्तमान में 250 से अधिक कर्मचारी ट्रस्ट के अधीन कार्यरत हैं। अभी तक कर्मचारियों को केवल ईपीएफ और ग्रेच्युटी की सुविधा मिल रही थी।
कांग्रेसी नेता पवन कालिया ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। हालांकि वायरल अधिसूचना की जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मंदिर न्यास के अधिकारियों के अनुसार पेंशन संबंधी नीति पर चर्चा के बाद पेंशन और अन्य प्रावधानों को अंतिम रूप दिया जाएगा।