रावमापा डिडवीं टिक्कर में एसएमसी कमेटी को लेकर विवाद हो गया है। पुरानी एसएमसी कमेटी का कार्यकाल पूरा हुए बिना ही प्रधानाचार्य ने नई कमेटी का गठन कर दिया है। नई कमेटी का गठन एक साल के भीतर ही कर दिया गया जबकि नियमानुसार एसएमसी कमेटी का गठन तीन साल के लिए होता है। पुरानी कमेटी ने उपनिदेशक से मामले की शिकायत की है।
शिकायत के आधार पर उपनिदेशक ने स्कूल से रिकार्ड तलब किया है। कमेटी के वर्तमान अध्यक्ष महेंद्र सिंह का आरोप है कि स्कूल प्रधानाचार्य ने नियमों की अनदेखी कर पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए बिना नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया।
उन्होंने कहा कि 21 मई 2015 को कार्यकारिणी का गठन किया गया था। कार्यकारिणी में उन्हें प्रधान पद की कमान सौंपी गई थी। हालांकि, कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन साल का होता है, लेकिन स्कूल प्रधानाचार्य ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए बिना एक साल के भीतर ही नई कार्यकारिणी का चुनाव करवा दिया है।
प्रधान महेंद्र सिंह का आरोप है कि स्कूल में कई अनियमितताएं थीं जो उन्होंने स्कूल प्रधानाचार्य के समक्ष रखीं लेकिन प्रधानाचार्य ने अनियमितताओं को सही करने के बजाय नई कमेटी बना दी।
मामले की शिकायत प्रधान महेंद्र सिंह ने उच्च शिक्षा उपनिदेशक और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर से की है। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक सोमदत सांख्यान का कहना है कि इस बारे में उनके पास शिकायत आई है। मामले को लेकर संबंधित स्कूल प्रधानाचार्य से रिकॉर्ड मांगा गया है। रिकॉर्ड जांचने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।