संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में उच्च शिक्षा संस्थान सोसायटी की बैठक हुई। महाविद्यालय के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने कॉलेज के विकास कार्यक्रम पर चर्चा की और अपने सुझाव रखें। विशेष रूप से महाविद्यालय के विस्तार एवं उन्नयन को लेकर विभिन्न प्रस्ताव रखे। इसमें कक्षाओं के नए कमरों और प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण, पुस्तकालय में नवीन पुस्तकों की व्यवस्था से संबंधित विकास तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर लैब के विस्तार पर भी चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में विद्यार्थियों की सुविधाओं को देखते हुए महाविद्यालय में आधारभूत ढांचे का विस्तार आवश्यक है। यदि समय रहते योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाए तो विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा सुविधाएं प्राप्त होंगी। बैठक में मनोनीत सदस्य अजीत दीवान, समिति के सचिव डॉ. मनोज डोगरा और सदस्य डॉ. ज्योत्सना, प्रो. मनोज शर्मा, प्रो. अजय, डॉ. धर्मेंद्र उपस्थित रहे।